
कांड्रा–टाटा मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार कार पलटी, डिवाइडर से टकराकर हुआ हादसा

गाम्हरीया, संवाददाता – जगबंधु महतो
सरायकेला खरसावां जिला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंड्राबेड़ा स्थित कांड्रा-टाटा मुख्य सड़क पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क पर पलट गई। हादसा इतना अचानक था कि कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना की जानकारी देते हुए दुग्धा पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य राम हांसदा ने बताया कि कार कांड्रा की ओर से काफी तेज गति में आ रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिससे कार सीधे डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। राम हांसदा ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल कांड्रा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटाकर थाने ले गई जिससे यातायात को सामान्य किया जा सका। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पूर्व पंसस राम हांसदा ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और गति नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

