
आदित्यपुर में जानलेवा हमला कांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार , देशी पिस्टल बरामद

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
सरायकेला । सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज जानलेवा हमला मामले में पुलिस ने तेज़ और सख़्त कार्रवाई करते हुए कांड का सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से वारदात में प्रयुक्त देशी पिस्टल बरामद की गई है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आदित्यपुर थाना कांड संख्या 19/26 दिनांक 16 जनवरी 2026 को शर्मा बस्ती निवासी दीपक मिश्रा के आवेदन पर राहुल पंडित एवं सुजित शर्मा के विरुद्ध चापड़ और गोली चलाकर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 जनवरी की रात आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के समीप से मुख्य अभियुक्त राहुल पंडित (24 वर्ष), निवासी ओल्ड विद्युत नगर, आदित्यपुर को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से कांड में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल एवं एक स्मार्ट फोन बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, राहुल पंडित का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में हत्या जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सर्वैया सहित आदित्यपुर थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे भी सख़्त और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।
Related posts:

