
आजसू पार्टी की कोल्हान स्तरीय बैठक संपन्न
संगठन विस्तार और जनहित मुद्दों पर रणनीति तय
चांडिल। चिलगु स्थित आजसू पार्टी कार्यालय में सोमवार को कोल्हान प्रमंडल स्तरीय संगठनात्मक बैठक हुई। इसमें केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के पदाधिकारी, संयोजक मंडली के सदस्य और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।बैठक में संगठन की मजबूती, जनसमस्याओं की पहचान और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। श्री महतो ने कहा कि पार्टी अपनी मूल विचारधारा और संघर्ष की परंपरा के साथ जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय होगी। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों से जुड़ने का आह्वान किया गया।
22 जून को ‘बलिदान दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा स्थापना दिवस
उन्होंने बताया कि 22 जून को रांची के खेलगांव स्थित शहीद टाना भगत इंडोर स्टेडियम में स्थापना दिवस ‘बलिदान दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इसमें राज्य भर से कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी उन साथियों को याद करेगी जिन्होंने झारखंड आंदोलन और जनहित में बलिदान दिया।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान
बैठक में संगठन मजबूती अभियान की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। श्री महतो ने जनप्रतिनिधियों को जनता से संवाद बनाए रखने और सरकार की नीतियों की खामियों को उजागर करने का निर्देश दिया। वक्ताओं ने बताया कि कोल्हान में युवाओं और महिलाओं के बीच पार्टी की लोकप्रियता बढ़ रही है। क्षेत्रीय स्तर पर कार्यशालाएं और जनसंपर्क अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
बैठक के अंत में प्रस्ताव पारित कर आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की गई और कार्यकर्ताओं से अनुशासन व प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपील की गई।
झिमड़ी कांड पर सुदेश महतो ने सरकार को घेरा
नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी गांव में जबरन धर्मांतरण और महतो समाज की युवती के अपहरण की घटना पर सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह कुड़मी समाज की अस्मिता पर हमला है। झारखंड की संघर्षशील भूमि पर ऐसी घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं और सरकार की चुप्पी इन्हें बढ़ावा दे रही है।
हेमंत सरकार को बताया विफल
महतो ने कहा कि राज्य में महिलाओं के प्रति अपराध और प्रशासनिक उदासीनता बढ़ रही है। अगर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई, तो आजसू पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।


