
बहरागोड़ा: प्रशासन ने छापेमारी कर 7000 सेफ्टी अवैध बालू को किया जब्त बालू माफियाओं में मचा हड़कंप
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
बहरागोड़ा में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. अंचलाधिकारी राजाराम मुंडा और थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में एक टीम ने डमजुड़ी गांव में छापेमारी कर लगभग 7000 सेफ्टी अवैध बालू जब्त किया है. प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में अवैध रूप से बालू का भंडारण किया गया है. सूचना के आधार पर गुरुवार को टीम ने मौके पर पहुँचकर इस बड़े अवैध कारोबार का खुलासा किया. जब्त की गई भारी मात्रा में बालू को फिलहाल अंचल कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है. इस मामले में बहरागोड़ा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस दौरान थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने भी बताया कि बालू माफिया के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य इलाके में इस तरह के अवैध धंधे पर पूरी तरह से रोक लगाना है. इस संबंध में अंचलाधिकारी राजाराम मुंडा ने साफ शब्दों में कहा है कि अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस तरह के अवैध कारोबारियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.


