
चाकुलिया: करंट लगने से जोड़ाम उप स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम की हुई मौत, विधायक ने जताया दुःख
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया में शनिवार की रात स्वास्थ्य कर्मी सुकांति मुर्मू (49) का करंट लगने से मौत हो गई. सुकांति मुर्मू चाकुलिया स्थित जोड़ाम उप स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम थी. मूल रूप से बरड़ीकानपुर की रहने वाली थी. यह घटना पुराना अस्पताल परिसर में हुई. जहां वह अपने पति कन्हाई लाल बास्के के साथ रहती थी. जानकारी मिली कि शनिवार की रात सुकांति के पति निजी कार्य से रेलवे स्टेशन गए थे. इस बीच सुकांति रविवार को उड़ीसा स्थित हॉस्टल में रहने वाले अपने 8 वर्षीय बेटे से मुलाकात करने के लिए बैग तैयार कर रही थी. पास में ही स्टैंड फैन चल रहा था. स्टैंड फैन के बॉडी में करंट आ गया था. जिसकी चपेट में आकर सुकांति गंभीर रूप से घायल हो गई. स्टेशन से वापस लौटे पति घर के अंदर प्रवेश करते ही उसकी नजर करंट से घायल पत्नी पर पड़ी. उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. परंतु रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.


जहां डॉ रामनाथ शर्मा ने सुकांति मुर्मू की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया. इसकी सूचना पाकर रविवार की सुबह विधायक समीर कुमार महंती अस्पताल पहुंचे. इस दौरान विधायक ने घटना की पूरी जानकारी ली और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर दुःख प्रकट किया.

