
चाकुलिया: पुलिस ने तपन महतो पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया पुलिस ने बुधवार को प्रखंड अंतर्गत सोनाहातू पंचायत के आमाभुला गांव में तपन महतो पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किये गये हथियार भी बरामद कर लिया है. यह घटना मंगलवार की सुबह को घटित हुई थी. इसके बाद चाकुलिया थाना में कांड संख्या 64/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया था. पुलिस के अनुसार इस मामले की शिकायत घायल तपन महतो की पत्नी छाया रानी महतो ने की थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच और छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मनिन्द्र महतो (35) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की. इसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की कटारी को जब्त कर लिया गया. छाया रानी महतो के लिखित आवेदन पर दर्ज इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 126 (2), 115(2), 118(1), 109, 352, 351 (3), और 3 (5) के तहत आरोपी मनिन्द्र महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.


