
राजद कोल्हान प्रमंडल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित
रिपोर्टर – जगबंधु महतो
आदित्यपुर :सरायकेला जिले के आदित्यपुर टोल ब्रिज के समीप स्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कोल्हान प्रमंडल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान झारखंड प्रदेश राजद के महासचिव बीरेन्द्र सिंह यादव ने हुसैनाबाद विधायक संजय कुमार सिंह यादव को पुनः प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि संजय यादव के नेतृत्व में झारखंड में पार्टी संगठन और अधिक सशक्त होगा और सामाजिक न्याय की विचारधारा को नई दिशा मिलेगी। प्रेस वार्ता के दौरान बिहार प्रदेश राजद अध्यक्ष के रूप में मंगनी लाल मंडल की नियुक्ति पर भी प्रसन्नता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। प्रेस वार्ता का नेतृत्व राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जनार्धन कुमार ने किया। इस दौरान कोल्हान प्रमंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। बैजू कुमार को सरायकेला-खरसावां, शंभू चौधरी को पूर्वी सिंहभूम जिला और रमेश राय को जमशेदपुर महानगर का राजद अध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान जनार्धन कुमार ने बताया कि यह प्रेस कांफ्रेंस संजय कुमार सिंह यादव को प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई देने, मंगनी लाल मंडल को बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की शुभकामना देने तथा आगामी 19 जून को राज्य परिषद की बैठक की सूचना देने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव की ओर से पत्रकारों के लिए धन्यवाद संदेश प्रेषित किया गया है। इस मौके पर एक वायरल वीडियो को लेकर भी प्रतिक्रिया दी गई जिसमें एक तथाकथित नेता पत्रकारों को मैनेज करने की बात कहता नजर आ रहा है। जनार्धन कुमार ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति पत्रकारों को मैनेज नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि पत्रकार पढ़े-लिखे, जागरूक और संविधानिक मूल्यों से प्रेरित होते हैं। मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसे प्रभावित या प्रबंधित करना असंभव है। वीडियो को सभी पत्रकारों को दिखाया गया और स्पष्ट किया गया कि राजद पत्रकारों की स्वतंत्रता और गरिमा का पूरा सम्मान करता है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीराम यादव, महासचिव कमलदेव सिंह, प्रदेश सचिव योगेन्द्र कुमार, राजेश कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, डी एन सिंह एवं रविन्द्र प्रसाद भी उपस्थित रहे।
