Advertisements
Spread the love

MBNS ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन

Advertisements

सरायकेला – खरसावां । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर MBNS ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा “योग – एक धरती, एक स्वास्थ्य” की वैश्विक थीम पर आधारित एक दिवसीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन संस्थान के मुख्य सभागार में प्रातः 11:00 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें करीब 150 विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंगलाचरण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन का कार्य संस्थान की निदेशिका श्रीमती अनुपा सिंह एवं अध्यक्ष श्री विवेक सिंह द्वारा संपन्न हुआ। स्वागत भाषण में निदेशक महोदया ने योग को एक जीवन पद्धति बताते हुए कहा, “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, आत्मिक और आध्यात्मिक संतुलन की ओर एक संपूर्ण यात्रा है।”

इस वर्ष की थीम “योग – एक धरती, एक स्वास्थ्य” का उद्देश्य न केवल मानव स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है, बल्कि प्रकृति और समस्त जीव-जंतुओं के साथ संतुलन स्थापित करना भी है। यह संदेश स्पष्ट रूप से दिया गया कि जब हम अपने शरीर और मन को संतुलित करते हैं, तो हम पृथ्वी की सेहत के प्रति भी संवेदनशील हो जाते हैं।

योग प्रशिक्षक द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, शवासन आदि प्रमुख योगासनों के साथ-साथ अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी जैसे प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने अनुशासन एवं रुचि के साथ हर आसन का अभ्यास किया।

योग सत्र के उपरांत “योग और मानसिक स्वास्थ्य” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन हुआ। वक्ता ने बताया कि वर्तमान युग में बढ़ती मानसिक समस्याओं जैसे तनाव, चिंता एवं अवसाद से निपटने के लिए योग एक प्रभावशाली समाधान है। नियमित योगाभ्यास से न केवल तन-मन में ऊर्जा का संचार होता है, बल्कि जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित होता है।

संकाय सदस्यों ने भी पूर्ण उत्साह के साथ भाग लिया और छात्रों को प्रेरित किया कि वे योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने बताया कि योग अनुशासन, धैर्य एवं मानसिक स्थिरता विकसित करता है, जो किसी भी छात्र या पेशेवर के लिए आवश्यक गुण हैं।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक शांति प्रार्थना के साथ किया गया।