
मंडल कारा सरायकेला में मासिक जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन…
सरायकेला :संजय मिश्रा । झालसा रांची के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में रविवार को स्थानीय मंडल कारा सरायकेला में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा मई महीने के मासिक जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जेल अदालत में कई बंदियों के द्वारा दिए गए आवेदन में कुल 3 मामलों पर विचार किया गया। जिनमें दो मामलों का निष्पादन किया गया। जिसमें दो बन्दी को मुक्त किया गया।

दोनों मामले मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय के रहे। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सुश्री कवितांजली टोप्पो, सचिव डालसा तौसीफ मेराज़, प्रभारी जेल अधीक्षक सतेंद्र महतो, असिस्टेन्ट पब्लिक प्रोसिक्यूटर, स्थानीय कारागार के कर्मी, न्यायालय के कर्मी और सुधारगृह के बंदी उपस्थित रहे। जहां उपस्थित बंदियों को बताया गया कि जो भी कैदी अपना केस लड़ने में असमर्थ हो अथवा महिला, अनुसूचित जनजाति के हों, वे अपने मुकदमे को लड़ने के लिए निःशुल्क वकील और अन्य विधिक सहायता जिला विधिक सेवा प्राधिकार से आवेदन कर पा सकते हैं। बताते हुए सचिव डालसा तौसीफ मेराज़ ने यह भी कहा कि नशापान से आज बड़े तो बड़े छोटे भी प्रभावित हो रहे हैं। झालसा राँची द्वारा इस सम्बंध में कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई है। उन्होंने उपस्थित बन्दियों से नशे के खिलाफ जागरूक रहने को भी कहा।

