
नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के वार्षिक खेल में उत्साह, शिक्षा के साथ खेलकूद पर जोर, बच्चों के सर्वांगीण विकास का दिया संदेश

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
जमशेदपुर। नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल का वार्षिक खेल मीट टेल्को स्थित सुमंत मुलगावकर स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पियूष पांडे में शामिल हुए। नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। खेल मीट का शुभारंभ बच्चों के अनुशासित मार्च पास्ट और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। जिसने दर्शकों को खूब आकर्षित किया।
विभिन्न आयु वर्गों के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में छात्रों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। बच्चों के जोश और प्रतिस्पर्धात्मक भावना ने स्टेडियम का माहौल जीवंत बना दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एसएसपी पियूष पांडे ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद का भी विशेष महत्व है। खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास जैसी महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों को भी विकसित करता है। उन्होंने नेताजी सुभाष ग्रुप द्वारा शिक्षा और खेल के संतुलित विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
वहीं, चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि नेताजी सुभाष ग्रुप बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा के साथ खेलकूद को बढ़ावा देना संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि ग्रुप द्वारा शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगभग एक दर्जन स्कूलों का संचालन किया जा रहा है, जहां करीब 9 हजार छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ऐसे आयोजन आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Related posts:

