
नालसा योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाएं पीएलवी : डालसा सचिव

Arjun Kumar….✍️
रांची । जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के तत्वावधान में कॉन्फ्रेंस हॉल में कार्यरत पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डालसा सचिव ने की, जिसमें लगभग 180 पीएलवी ने भाग लिया। बैठक के दौरान पीएलवी द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई तथा उन्हें प्रभावी कार्य निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। अपने संबोधन में डालसा सचिव ने कहा कि पीएलवी गांवों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों में जाकर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन, विशेषकर गरीब एवं असहाय वर्ग तक पहुंचाएं। उन्होंने विशेष रूप से साथी, जागृति, आशा, डॉन एवं नालसा वाइल्ड लाइफ योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि जागरूकता ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की कुंजी है। डालसा सचिव ने पीएलवी के दायित्वों को रेखांकित करते हुए निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पीड़ित महिलाओं की पहचान करें, जिन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिला है। ऐसे मामलों में आवश्यक आवेदन तैयार कर जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में जमा कराएं, ताकि उन्हें शीघ्र मुआवजा दिलाया जा सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पीएलवी को निर्देशित किया कि वे जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सेवाओं एवं सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दें, जिससे समाज के वंचित वर्गों को अधिकतम लाभ मिल सके। कार्यक्रम के अंत में पीएलवी द्वारा किए गए कार्यों का अवलोकन किया गया तथा उन्हें अपने क्षेत्रों में और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर डालसा सचिव राकेश रौशन, एलएडीसी चीफ प्रवीण कुमार सिन्हा, डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिंह, सहायक एलएडीसी अनुप कुमार, वीरेन्द्र प्रताप, सौरभ पांडे, सुश्री स्वीकृति विनाया सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के सभी कार्यरत पीएलवी उपस्थित थे।

