Spread the love

आजसू पार्टी का खरसावां विधानसभा स्तरीय वनभोज सह मिलन समारोह का हुआ आयोजन…

सरायकेला Saraikela  सरायकेला प्रखंड अंतर्गत ऊपर दुगनी पंचायत के उकरी मैदान में शनिवार को आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष सचिन कुमार महतो की अगुवाई में खरसावां विधानसभा क्षेत्र स्तरीय वन भोज सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व विधायक प्रत्याशी संजय जारीका के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा के 27 कार्यकर्ता आजसू पार्टी में शामिल हुए। वनभोज सह मिलन समारोह में आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष सचिन कुमार ने 2024 के विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी शंखनाद करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में आजसू पार्टी खरसावां विधानसभा क्षेत्र से संजय जारीका को एक बार फिर से चुनाव लड़ाएगी। उन्होंने कहा कि संजय जारीका पहले भी खरसावां विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं और वह क्षेत्र में एक जमीन से जुड़े हुए नेता हैं।

सचिन कुमार ने कहा कि सुदेश महतो के नेतृत्व में आजसू पार्टी जिले में चुनाव लड़ेगी और जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र में पार्टी अपना जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि खरसावां विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा कल्याण मंत्री एवं मुख्यमंत्री के रूप में वर्षों नेतृत्व किए परंतु क्षेत्र का विकास नहीं हुआ और आज भी खरसावां विधानसभा क्षेत्र की जनता मौलिक सुविधाओं से वंचित रह गई है। विगत दो सत्र से क्षेत्र में झामुमो विधायक दशरथ गागराई नेतृत्व कर रहे हैं परंतु सत्ता पक्ष की विधायक होते हुए भी खरसावां विधानसभा क्षेत्र की जनता मौलिक सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। क्षेत्र में ऐसे अनेक गांव है जहां तक जाने के लिए सड़क नहीं है और लोग बरसात में पानी कीचड़ से गांव आना जाना करते हैं। क्षेत्र में औद्योगिक प्रतिष्ठान रहते हुए भी यहां के मजदूर पलायन कर रहे हैं। शिक्षित बेरोजगार युवक सर्टिफिकेट लेकर नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं।

यहां के जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है उन्हें तो केवल अपना उल्लू सीधा कर तिजोरी भरना है। सचिन कुमार ने कहा कि विभिन्न पार्टी के कार्यकर्ता आजसू पार्टी से जुड़ रहे हैं और आम जनता की नजर आजसू पार्टी पर है। पार्टी संगठन को मजबूत कर चुनाव की तैयारियां की जा रही है। वनभोज सह मिलन समारोह को संबोधित करते हुए संजय जारीका ने कहा कि जनता का सहयोग मिला तो वे लोगों के विश्वास में खरा उतरेंगे। मिलन समारोह में कार्यकारी जिलाध्यक्ष राम रतन महतो, जिला उपाध्यक्ष दुर्गा महतो, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष अंगूर महतो, केंद्रीय सदस्य सत्यनारायण महतो, जितेंद्र प्रधान, अनिल दे, कृष्णा केसरी, लालजी केसरी, राजेश महतो, दिनेश हरदा समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिनमें महिला कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में झारखंड मुक्ति मोर्चा के 27 कार्यकर्ता आजसू पार्टी में शामिल हुए। जिलाध्यक्ष सचिन महतो, केंद्रीय सदस्य सत्यनारायण महतो, कार्यकारी अध्यक्ष राम रतन महतो ने उन्हें गले में फूलों का हार एवं पट्टी पहनाते हुए स्वागत किया।

Advertisements

You missed