
खरसावां विधानसभा सीट से अब पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय का छलका दर्द; आहत हो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लिखा पत्र….
सरायकेला -संजय मिश्रा । भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारी को लेकर लगातार चर्चित हो रही खरसावां विधानसभा सीट को लेकर अब पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को पत्र लिखकर अपना दर्द बयां किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लिखे गए अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि वे पिछले 20 वर्षों से भाजपा के एक सक्रिय सदस्य और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। वर्ष 2009 में खरसावां विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर लगभग 25000 मतों से कांग्रेस के प्रत्याशी को पराजित किये थे।

इस दौरान वर्ष 2010 में पार्टी के निर्देशानुसार राज्यहित में एवं राष्ट्रपति शासन को समाप्त करने की पहल करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के लिए सीट खाली कर खरसावां विधानसभा क्षेत्र से इस्तीफा दिए थे। और विपरीत परिस्थितियों में हम सब के सहयोग और समर्पण से अर्जुन मुंडा ने जीत हासिल कर विधायक और मुख्यमंत्री बनते हुए झारखंड राज्य का नेतृत्व किया। पिछले 2019 के चुनाव में भी उन्हें टिकट नहीं देते हुए चाईबासा निवासी जवाहरलाल बानरा को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया। जिसका भी उनके द्वारा तहे दिल से समर्थन किया गया।
वर्ष 2024 में पुनः एक बार विधानसभा चुनाव लड़ने का अवसर प्रदान करने के लिए प्रार्थना करते हुए जिला अध्यक्ष सहित झारखंड चुनाव प्रभारी एवं राज्य तथा केंद्र के सभी पदाधिकारी से अनुरोध किया है। जिसमें विश्वास था कि उनके समर्पण और वफादारी को देखते हुए उन्हें टिकट मिलेगा। उन्होंने कहा है कि अगर हम झामुमो पर यह आरोप लगाते हैं कि उन्होंने एक निष्ठावान नेता को सम्मान नहीं दिया तो फिर हमें अपना चेहरा भी आईने में देखने की जरूरत है। पूरे घटनाक्रम से बुरी तरह से आहत हुए मंगल सिंह सोय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से आग्रह किया है कि आसन्न विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी की किसी भी जिम्मेवारी से मुक्त रखा जाए। ताकि वे खुद के संयम को कायम रख सकें।

