Spread the love

झारखंड मंईया सम्मान यात्रा के तहत काशी साहू कॉलेज मैदान में विशाल सभा का हुआ आयोजन…

झारखंड मंईया सम्मान योजना के तहत हेमंत सरकार झारखंड की मां-बेटियों को सम्मान देने का काम कर रही है: कल्पना सोरेन…

सरायकेला: संजय मिश्रा : सरायकेला के काशी साहु कॉलेज मैदान में झारखंड मंईयां सम्मान यात्रा के तहत शुक्रवार को सभा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार की समाज कल्याण विभाग की मंत्री बेबी देवी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, जल संसाधन मंत्री रामदास सोरेन, विधायक दशरथ गागराई, विधायक सविता महतो उपस्थित रहे। सभा को गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने ओडिया, संताली व हिन्दी भाषा में संबोधित किया। सभा में हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी रही। सभा दोपहर 2.20 बजे होनी थी, लेकिन शाम को पांच बजे से सभा शुरु हुई। फिर भी कल्पना सोरेन को सुनने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी रही। सभा को संबोधित करते हुए गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड मंईयां सम्मान यात्रा की शुरूआत है, जिसमें हेमंत सरकार यहां के मां-बेटियों को सम्मान देने का काम कर रही है, आधी आबादी के चेहरे में मुस्कान लाने का काम किया है।

Advertisements
Advertisements

योजना के तहत 18 वर्ष से 50 वर्ष तक की महिलाओं को प्रत्येक माह एक हजार रुपये दे रही है, जो उनके खाते में जा रहा है। राज्य सरकार की इस योजना की पूरे देश में तारीफ हो रही है, इससे पहले भी कई सीएम बने परंतु किसी ने भी महिलाओं को सम्मान देने का काम नहीं किया है। कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य के महिलाओं का सम्मान विपक्षियों से देखा नहीं जा रहा है। इसलिए उनके लोग कोर्ट में पीआईएल के माध्यम से योजना को रोकने में लगे हुए हैं। इस योजना को रोकना तो दूर, कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता हैं।

इस योजना का लाभ जनता को मिलता रहेगा। उन्होंने हेमंत सोरेन को मजबूत व गहरी सोच रखने वाले सीएम करार देते हुए कहा कि विगत पांच वर्षो में आदिवासी धर्म कोड, पिछडों को 27 प्रतिशत आरक्षण 1932 आधारित नियोजन नीति लाने का काम किया। परंतु भाजपा वालों ने इसे रोकने का काम किया है। हम धर्म व जात आधारित राजनीति नहीं करते है सभी को साथ लेकर चलते हैं। उन्होंने कहा कि कोल्हान वीरों की धरती है, सामने चाहे कितना भी बडा शत्रु है उसका डट कर सामना करना सिखाया है, समझौता करना नहीं सिखाया है। कठिन परिस्थियों में भी हेमंत सोरेन ने झुकना नहीं सीखा, सीना ठोक कर सामना किया ।


मईया सम्मान योजना प्रदेश की महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है: बेबी देवी

सरकार के समाज कल्याण विभाग मंत्री बेबी देवी ने कहा कि मंईया सम्मान योजना काफी महत्वाकांक्षी योजना है। योजना के तहत प्रत्येक 18 से 50 वर्ष तक के महिलाओं को प्रत्येक माह एक हजार मिलेंगे। जिसके खाते में पैसे नहीं आये हैं उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। शीघ्र ही खाते में सरकार राशि भेजेगी। मंईया सम्मान योजना प्रदेश की महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

भाजपा दूसरे राज्य के सीएम को बुला कर आदिवासी व मूलवासियों को बरगलाने का काम कर रही है: रामदास सोरेन

राज्य के जल संसाधन मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि चम्पाई सोरेन को झामुमो ने जितना सम्मान देने का काम किया है दूसरे किसी भी विधायक को नहीं दिया गया। झामुमो ने उन्हें विधायक से लेकर मंत्री और मुख्यमंत्री बनाने का काम किया है। जबकि झूठा प्रचार करते हैं कि उन्हें अपमानित करने का काम किया गया है। मंत्री रामदास सोरेन ने भाजपा पर मंईयां सम्मान योजना पर रोक लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अपने एजेंट के माध्यम से पीआईएल कराकर रोकने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा दूसरे राज्य के सीएम को बुला कर आदिवासी व मूलवासियों को बरगलाने का काम कर रही है। असम के चाय बगान में एक सौ वर्ष से काम कर रहे आदिवासियों को पहले उनका हक देने का काम करे।

उन्होंने लोगों को भाजपा से सर्तक रहने व हेमंत बाबू को मजबूत करने की बात कही। मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष सह झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो, मोहन कर्मकार, राजु गिरी के अलावे झामुमो नेता गोपाल महतो, कांग्रेस नेता के पी सोरेन, रूद्रप्रताप मंहतो, जिला उपाध्यक्ष भोला महंती, सरायकेला नगर संयोजक मंडली के मुख्य संयोजक जितेंद्र आचार्य उर्फ शंभू आचार्य, राज बागची सहित काफी संख्या में झामुमो नेता उपस्थति रहे।

Advertisements

You missed