
डालसा सचिव के निर्देश पर नशा विरोधी सात दिवसीय जागरूकता अभियान का शुरुआत

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर /पोटका । डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के निर्देशानुसार तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के मार्गदर्शन पर पोटका प्रखंड अंतर्गत कार्यरत पी.एल.वी द्वारा नशा के विरुद्ध सात दिवसीय जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई।इस अभियान का शुभारंभ सोमवार को चांदपुर गांव से साइकिल रैली के माध्यम से किया गया।रैली में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नशा के खिलाफ जोरदार नारे लगाए।इस दौरान ग्रामीणों को नशा से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समाज को जागरूक करना,वर्तमान युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाना तथा एक स्वस्थ और नशा मुक्त समाज का निर्माण करना है।पी.एल.वी. द्वारा बताया गया कि नशा युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर ले जाता है, इसलिए समय रहते युवाओं को सही मार्गदर्शन और सकारात्मक दिशा देना अत्यंत आवश्यक है।इस सात दिवसीय अभियान के अंतर्गत स्कूली बच्चों एवं युवाओं के बीच नशा मुक्ति विषय पर प्रतियोगिताएं,चित्रांकन,भाषण,नुक्कड़ नाटक तथा जागरूकता बैनर के साथ रैली का आयोजन किया जाएगा,ताकि नशा के विरुद्ध संदेश घर-घर तक पहुंच सके।रैली के दौरान लोगों को निम्नलिखित जागरूकता स्लोगन के माध्यम से संदेश दिया गया—“नशा छोड़ो,जीवन जोड़ो””युवा बचेगा तभी देश बढ़ेगा”“नशा नहीं,शिक्षा चाहिए”“आज का संकल्प — नशा मुक्त कल”“नशा मुक्त गांव,स्वस्थ समाज”“युवाओं को नशे से बचाना है,भारत को आगे बढ़ाना है”“सेव यस टू लाइफ,नो टू ड्रग्स”राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार का एकमात्र उद्देश्य नशा मुक्त भारत का निर्माण करना है,ताकि आने वाली पीढ़ी सुरक्षित,सशक्त और स्वस्थ भविष्य की ओर अग्रसर हो सके।इस अभियान में डालसा के पी.एल.वी.चयन कुमार मंडल,डोबो चकिया,छाकु माझी,मीरा मंडल,ज्योत्सना गोप,कुरुमीता मुर्मू, सुमित कुमार गोप सहित अन्य पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

