Spread the love

पायलट प्रोजेक्ट के तहत 10 दिनों के प्रशिक्षण के साथ 50 महिलाओं को मिला मेडल संचालित अगरबत्ती निर्माण मशीन, स्वरोजगार की बहेगी बयार।

सरायकेला-खरसावां (संजय मिश्रा ) :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से नगर पंचायत क्षेत्र के 50 चयनित महिलाओं को 10 दिनों का प्रशिक्षण देने के बाद बृहस्पतिवार को समारोह आयोजित कर प्रत्येक चयनित महिला को 20000 मूल्य के पैदल संचालित अगरबत्ती निर्माण मशीन सहित 1000 मुल्य की टूल किट और कच्चा माल खरीदने के लिए 2000 नगद राशि प्रदान की गई।

खादी और ग्रामोद्योग आयोग, सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार की ओर से आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से उक्त व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। इस बाबत सरायकेला स्थित टाउन हॉल में आयोजित समारोह में खादी और ग्रामोद्योग आयोग पूर्वी क्षेत्र के सदस्य मनोज कुमार सिंह मौजूद रहे। मौके पर उन्होंने अपने संबोधन में सभी लाभुक महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए खादी और ग्रामोद्योग आयोग द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। जिसमें खनिज आधारित उद्योग, वन आधारित उद्योग, कृषि आधारित एवं अनाज उद्यान, पॉलीमर और रसायन आधारित उद्योग, ग्रामीण अभियंत्रण तथा जैव तकनीक, टेक्सटाइल उद्योग और सेवा उद्योग कार्यक्रमों के विषय में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग आयोग तकनीकी रूप से दक्ष करते हुए ग्रामीण स्वरोजगार विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र में स्वरोजगार विकास और महिला सशक्तिकरण को लेकर अहम भूमिका निभा रहे झारखंड सरकार के पूर्व गृह सचिव जेबी तुबिद ने मौके पर कहा कि विशेष रुप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष करते हुए स्वरोजगार के साथ जोड़ना ही मुख्य उद्देश्य है। जिससे ग्रामीण जीवन परिवेश के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को स्थापित किया जा सके।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित करते हुए किया गया। जिसमें कार्यक्रम के दौरान सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्षा मीनाक्षी पटनायक, खादी और ग्रामोद्योग आयोग रांची के निदेशक जेके गुप्ता, एलडीएम बीके सिन्हा, डीआईसी के जीएम एसएस बैठक एवं लघु उद्योग भारती के मनोज कुमार द्वारा वितरण समारोह को संबोधित करते हुए लाभुक महिलाओं को शुभकामनाएं देकर उनके उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की गई। कार्यक्रम का संचालन खादी और ग्रामोद्योग आयोग राज्य कार्यालय रांची के निदेशक राजीव मल्होत्रा द्वारा किया गया। जबकि समापन पर सिंहभूम ग्रामोद्योग विकास संस्थान के सचिव विपिन कुमार सिन्हा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

नगर पंचायत अध्यक्षा का महिला सशक्तिकरण को लेकर किया गया सफल प्रयास

सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्षा मीनाक्षी पटनायक प्रारंभ से ही नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत महिला समूहों और जरूरतमंद महिलाओं को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती रही हैं। जिसके तहत उन्होंने अगरबत्ती निर्माण उद्योग से महिलाओं को जोड़ने का सफल सकारात्मक प्रयास किया है। पूर्व से ही प्रशिक्षण के आयोजन के साथ-साथ महिलाओं तक स्वरोजगार विकास के सभी साधनों को पहुंचाने के लिए नगर पंचायत अध्यक्षा प्रखर होकर कार्य करती रही हैं। इसे लेकर लाभुक महिलाओं ने बृहस्पतिवार को पेडल संचालित अगरबत्ती निर्माण मशीन मिलने से खुशी जाहिर करते हुए नगर पंचायत अध्यक्षा का आभार भी जताया है।

Advertisements

You missed