
आदित्यपुर में अपराधियों का आतंक: इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस ने बरामद किए 4 खोखे

गाम्हरिया संवाददाता – जगबंधु महतो
आदित्यपुर : आदित्यपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। शनिवार दोपहर चूना भट्ठा मुख्य सड़क स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक बैटरी दुकान पर बाइक सवार दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। इस हमले में दुकान पर बैठा युवक बाल-बाल बच गया, हालांकि घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
दुकान पर बैठे युवक को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे चूना भट्ठा मुख्य सड़क स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक बैटरी दुकान पर दो बाइक सवार अपराधी पहुंचे और दुकान में बैठे रवि नामक युवक को निशाना बनाकर करीब चार राउंड गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और युवक सुरक्षित बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए, जिनमें से एक खोखा दुकान के अंदर से मिला है।
पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका
दुकानदार संजय कुमार के अनुसार यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर-2 निवासी ऋषि नामक युवक ने बीती रात फोन पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। विवाद की शुरुआत 19 दिसंबर को इनवर्टर बनाने को लेकर हुए झगड़े से हुई थी। बताया जा रहा है कि इसी विवाद में 9 मार्च को हरिओम नगर में ऋषि और अमन ने संजय कुमार के पुत्र पर हमला किया था, जिसकी शिकायत आदित्यपुर थाना में दर्ज कराई गई थी।
थाने में शिकायत के दौरान हुई फायरिंग
इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जब दुकानदार संजय कुमार पुलिस से कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे हुए थे, उसी दौरान पीछे से अपराधियों ने उनकी दुकान पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने कहा -जल्द होगी गिरफ्तारी
आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस पहले से दर्ज मारपीट के मामले की जांच कर रही थी और अब फायरिंग की घटना को भी गंभीरता से लिया गया है।उन्होंने कहा कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।
Related posts:

