Spread the love

सरायकेला-खरसरवां (संजय कुमार मिश्रा)। भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा भाजपा जिला कार्यालय में आदिवासी समाज के महानायक और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान का आगाज करने वाले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सरदार की अध्यक्षता में कार्यक्रम किया गया। जिसका शुभारंभ भारत माता के तस्वीर पर पुष्पमाला अर्पित करते हुए किया गया। जिसमें बतौर मुख्य वक्ता एसटी मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष गणेश महाली ने अपने संबोधन में कहा कि जल जंगल और जमीन के लिए धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का अंग्रेजों से संघर्ष आज भी प्रासंगिक है। इस मौके पर सभी को धरती आबा के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। जिला अध्यक्ष संजय सरदार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के लिए ईश्वर तुल्य रहे हैं। इन्होंने आदिवासियत की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित भाजपा जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंकर सिंहदेव और मोर्चा के जिला प्रभारी सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य लाल सिंह सोय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मनोज कुमार महतो, शंकर सोय, गणेश सरदार, पागा सरदार, राजू सरदार, मंगल सोरेन, स्वरूप सोरेन, भरत हेंब्रम सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisements

You missed