Spread the love

विस्थापित छात्राओं को साइकिल व किशोरी समृद्धि योजना का लाभ नहीं मिलने का मामला सदन में उठा

Advertisements
Advertisements

विधायक सविता महतो ने शून्य काल में सरकार से शहीद निर्मल महतो उच्च विद्यालय कुकड़ू में दोनों योजनाएं चालू करने की मांग की

ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने विधानसभा के शून्य काल में कुकड़ू प्रखंड स्थित शहीद निर्मल महतो उच्च विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को साइकिल अनुदान योजना तथा सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ नहीं मिलने का मामला उठाया। उन्होंने सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए छात्राओं को जल्द से जल्द दोनों योजनाओं का लाभ देने की मांग की।
विधायक सविता महतो ने सदन में कहा कि कुकड़ू प्रखंड के पुनर्वासित स्थल पर संचालित शहीद निर्मल महतो उच्च विद्यालय में पढ़ने वाली विस्थापित दलित और आदिवासी परिवारों की बच्चियों को पिछले पांच वर्षों से साइकिल अनुदान योजना और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इससे छात्राओं को पढ़ाई के लिए आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आसन के माध्यम से सरकार से मांग की कि शहीद निर्मल महतो उच्च विद्यालय की छात्राओं को उनका हक दिलाया जाए और दोनों योजनाओं को विद्यालय में तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। साथ ही छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।
इस संबंध में जानकारी झामुमो के केंद्रीय सदस्य सह विधायक के आप्त सचिव काबलू महतो ने दी।

You missed