
एमबीएनएस इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन में बी.एड (2025-27) फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन, नए छात्रों का हुआ गर्मजोशी से स्वागत

चाण्डिल -संवाददाता

सरायकेला-खरसावांजिला के चाण्डिल प्रखंड अंतर्गत आंसनबनी में एमबीएनएस इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन में बी.एड सत्र 2025-2027 के नवप्रवेशी छात्रों के स्वागत में फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण और उत्साहपूर्ण अवसर साबित हुआ, जिसमें नए छात्रों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत के साथ हुई, जिसने पूरे माहौल को गरिमामय बना दिया।
संस्थान के अध्यक्ष विवेक सिंह ने अपने संबोधन में नए छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज निर्माण का आधार है। वहीं निदेशक श्रीमती अनुपा सिंह ने छात्रों को अनुशासन, समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शबा आलम अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो जीवन को नई दिशा देती है और सफलता के द्वार खूलती है। उन्होंने छात्रों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।मेन्टर एवं सामाजिक कार्यकर्ता राम केवल सिंह ने शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने की आवश्यकता पर जोर दिया और छात्रों को समाज सेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस आयोजन में बी.एड सेमेस्टर-1 (2025-2027), सेमेस्टर-2 (2024-2026) और सेमेस्टर-4 (2023-2025) के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, गीत एवं विभिन्न प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी यादगार बना दिया। छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता श्री सतेन्द्र बालाजी, व्यवसायी श्री बिजय सिंह, शिक्षा विशेषज्ञ, गौरव शर्मा, सेवानिवृत्त टाटा कर्मचारी श्री अजय ठाकुर तथा शिक्षा विभाग, करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर की प्रिंसिपल डॉ. सुचिता भुयान की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष विवेक सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और नए छात्रों को उनके शैक्षणिक सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह का समापन सामूहिक फोटो सेशन के साथ हुआ।
कुल मिलाकर, यह फ्रेशर पार्टी न केवल नए विद्यार्थियों के स्वागत का अवसर बनी, बल्कि उन्हें शिक्षा के महत्व और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश भी दे गई। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और सभी ने उत्साहपूर्वक इसका आनंद लिया।

