
एक पहल बिरसा मुंडा एसएफसी मैदान के संरक्षण और संवर्धन को लेकर बैठक 23 को…
सरायकेला: संजय मिश्रा

सरायकेला। एक पहल बिरसा मुंडा एसएफसी मैदान के संरक्षण और संवर्धन को लेकर आगामी 23 जून को बिरसा मुंडा एसएफसी मैदान में सामूहिक बैठक का आयोजन किया गया है। इस संबंध में सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने उपायुक्त को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है। उपायुक्त को लिखे पत्र में उन्होंने बताया है कि भगवान बिरसा मुंडा मैदान सरायकेला-खरसावां जिला एवं इस क्षेत्र का एकमात्र बड़ा और ऐतिहासिक मैदान है। लंबे समय से इसका सौंदर्यीकरण और खिलाड़ियों के अनुरूप को उपयोगी बनाते हुए संरक्षण, संवर्धन रखरखाव की मांग उनके द्वारा की जाती रही है।
जो वर्तमान में पूरी होती दिख रही थी। लेकिन विभागीय अभियंताओं की अकर्मण्यता के कारण हमारे ऐतिहासिक मैदान के सौंदर्यीकरण कार्य को बेतरतीब तरीके से कराया जा रहा है। इसे देखते हुए इस संबंध में आगामी 23 जून को खिलाड़ी, खेल प्रशासक और बुद्धिजीवियों द्वारा एक बैठक बिरसा मुंडा स्टेडियम में प्रातः 6:00 बजे रखी गई है। उन्होंने उपाय से अनुरोध किया है कि उक्त बैठक में मैदान निर्माण से संबंधित खेल पदाधिकारी, अभियंता एवं संवेदक की उपस्थिति करवाने की कृपा करें। ताकि समन्वय स्थापित कर उपयोगी और बेहतर मैदान बनाने का मार्ग प्रशस्त किया जा सके।

