Advertisements
Spread the love

घाटशिला : देह और अंग दान करने वाले हैं पर मेडिकल कॉलेज उदास क्यों?

दीपक नाग …✍️

पिछले बीस वर्षों से घाटशिला के कई संगठन देहदान और अंगदान की व्यवस्था के लिए प्रयत्नशील हैं। पहली बार स्थानीय प्रखंड परिसर स्थित लोहिया भवन में तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी गर्ग के सहयोग से आयोजित सभा में 12 पुरूष और महिलाओं ने मृत्यु के उपरांत अपनी देह और अपने अवयवों के दान जरूरतमंदों को करने की घोषणा की थी। किन्तु, मेडिकल कॉलेज की उदासीनता से धरातल पर कुछ संभव नही हो सका।

उपायुक्त अमीत कुमार (तत्कालीन, उपायुक्त, जमशेदपुर) के प्रयत्न से एक बड़ी बैठक रेड क्रॉस भवन में आयोजित हुई जिसमें, प्रधान आमंत्रित तत्कालीन राज्यमंत्री रणधीर सिंह थे। महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एस.सी. श्रीवास्तव और एनाटाॅमी विभाग की अध्यक्षा डाॅ. वनिता सहाय ने कुल 47 देहदान दाताओं के आवेदन स्वीकार किए।

स्मरणीय है की अभियान फाॅर ए बेटर टुमाॅरौ के वर्षों के अथक प्रयत्न से दान का यह आन्दोलन सफल हुआ था।

उपायुक्त अमित कुमार ने जिला स्तर पर एडीसी सुबोध कुमार के नेतृत्व में एक नोडल कमिटी गठित की थी। इनकी बैठकों में वरीय आरक्षी अधीक्षक और एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्रभारी उपस्थित होते थे। देहदान दाताओं को यह आश्वस्त किया गया था कि उन्हें चिकित्सा काॅलेज का एनाटाॅमी विभाग देहदान की पेशकश का प्रमाण पत्र देगा और प्रत्येक देहदान दाता को एक परिचय पत्र, आईकार्ड के रूप में दिया जायेगा जो हमेशा दानदाता अपने संग रख सकेंगे ताकि किसी अवस्था में मृत्यु होने पर दान की औपचारिकता पूरी की जा सके। प्रशासन ने अब तक देहदान दाताओं की इस मांग को स्थगित रखा है। अब तक न तो ऐसे दान की कोई रशीद मिली और न ही परिचय पत्र दाताओं के नाम से निर्गत किया गया। 

उल्लेखनीय है कि तत्कालीन विधायक कुणाल षाड़ंगी ने झारखण्ड के मेडिकल कॉलेजों में ऑर्गन ट्रांसप्लांट की व्यवस्था होने के प्रश्न उठाये थे। सरकारी आश्वासन के बावजूद अंगों का प्रत्यारोपण सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अब तक नहीं होता।

सक्रिय संवेदना ने इस पवित्र, अनिवार्य और जनहित के लिए आवश्यक इस कार्य के लिए जिला प्रशासन का ध्यान दिलाया है। उनका विश्वास है कि जरूरतमंदों के लिए और मेडिकल शिक्षा के लिए जरूरी यह कार्य झारखण्ड और खास कर जमशेदपुर में उपलब्ध हो सकेगा। समाजसेवी विजय कुमार पाण्डेय ने वर्षों पूर्व देहदान की घोषणा की थी लेकिन अब तक स्वीकार किए जाने संबंधी कोई सूचना उन्हें प्राप्त नही हो सकी है। प्रो. मित्रेश्वर ने सरकारी रवैये और खास कर मेडिकल कॉलेज की बेरूखी के लिए आश्चर्य और दुख व्यक्त किया। सक्रिय संवेदना के आवेदन पर जमशेदपुर के उपायुक्त ने उन्हें सूचित किया कि इनका आवेदन पर मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक ने समाधान कर दिया है जब कि देहदान दाताओ को इस संबंध में कोई भी जानकारी नही है और वर्तमान स्थिति सर्वथा अवांछित और चिंताजनक है।

You missed