
दुमका में बीच सड़क बने गहरे गड्ढे बन रहे हादसों की वजह, रात के समय और बढ़ता है खतरा

संवाददाता : मौसम गुप्ता
दुमका । उप-राजधानी दुमका के एन कॉलेज नेतुर पहाड़ी मार्ग पर स्थित चरौरा के पास सड़क के बीचों-बीच बने गहरे गड्ढे अब आम जनजीवन के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। दिनभर यहां से भारी संख्या में वाहन गुजरते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा खतरा रात के समय हो रहा है, जब गड्ढे नजर नहीं आते और दुर्घटनाएं होती हैं। स्थानीय निवासी अमन कुमार ने बताया कि “गड्ढों के कारण रोजाना राहगीरों को कठिनाई होती है। सड़क पर उचित रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात में वाहन चालकों को गड्ढे नहीं दिखते और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।” ग्रामीणों के अनुसार, विभाग द्वारा पहले सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन ओवरलोड वाहनों के गुजरने से गड्ढे फिर से बन गए हैं। यदि जल्द मरम्मत नहीं की गई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से अपील की है कि मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराई जाए ताकि आने-जाने वाले राहगीरों को राहत मिल सके।

