
ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन – स्पेशल ओलंपिक झारखंड ने वीर सिदो कान्हो पब्लिक स्कूल में बच्चों को स्पोर्ट्स किट प्रदान की
चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल प्रखंड अंतर्गत चिल्गू पंचायत के काठजोड़ में स्पेशल ओलंपिक झारखंड की पहल पर मंगलवार, 02 दिसंबर 2025 को वीर सिदो कान्हो पब्लिक स्कूल में स्पोर्ट्स किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जमशेदपुर ओलंपिक कोच श्रीमती सुष्मिता सोरेन मार्डी ने किया।
इस दौरान स्पेशल ओलंपिक झारखंड द्वारा स्कूल के बच्चों को स्वास्थ्य लाभ और खेलकूद के क्षेत्र में उनके उज्ज्वल भविष्य निर्माण को ध्यान में रखते हुए आवश्यक स्पोर्ट्स किट प्रदान की गई। संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को खेलों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को नई दिशा देना है, ताकि वे गांव, जिला, राज्य ही नहीं बल्कि देश का नाम भी रोशन कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित प्रशिक्षकों और शिक्षकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण बच्चों के मनोबल को बढ़ाते हैं और उन्हें खेल क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर दुर्गा रानी सोरेन, विजय मुर्मू, बाबूराम सोरेन सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।


