
गोदल्लीपोखर में रिची ज्वेलर्स से दिनदहाड़े लूट, लाखों के जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश

Arjun Kumar Pramanik……✍️
अनगड़ा(राँची) । शुक्रवार की सुबह गोदल्लीपोखर स्थित रिची ज्वेलर्स में उस समय हड़कंप मच गया जब लगभग 10 बजे दो बाइक सवार बदमाशों ने बड़ी चालाकी से लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के वक्त दुकान के संचालक शेखर सोनी अपने घर, जो दुकान के ठीक ऊपर है, से नीचे उतरकर शटर खोल रहे थे। दुकान खोलने के बाद उन्होंने अपने साथ लाए जेवरात से भरा झोला काउंटर पर रख ही रहा था कि तभी एक युवक अचानक दुकान में घुसा और झोला झपटकर तेजी से बाहर निकला। बाहर पहले से ही उसका साथी हेलमेट पहने बाइक स्टार्ट कर तैयार खड़ा था। दोनों बदमाश कुछ ही सेकेंड में झोला लूटकर रांची की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि झोले में लाखों रुपये के कीमती जेवरात थे। हालांकि, लूटे गए जेवरों की सटीक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में झोला छीनने वाले युवक का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है, जबकि उसका साथी दुकान के बाहर मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत करता नजर आया। बदमाशों की गतिविधि से स्पष्ट है कि लूट की यह वारदात पहले से सुनियोजित थी।गोदल्लीपोखर जैसा व्यस्त बाजार होने के बावजूद दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोग आश्चर्यचकित हैं और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
Related posts:

