
सरायकेला : फिर शुरू हुआ अवैध बालू परिवहन, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री ने प्रशासन को घेरा…
रिपोर्ट – जगबंधु महतो

# तिरुलडीह-नीमडीह में रातभर दौड़ रहे 25 हाइवा, सूचना के बाद भी कार्रवाई नहीं ।
सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने तिरुलडीह एवं नीमडीह थाना क्षेत्र में कथित अवैध बालू खनन और परिवहन को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से मिली सूचना के अनुसार 19 मई की रात से प्रतिदिन रात 9 बजे से सुबह 5-6 बजे तक 22 से 25 हाइवा के जरिए बालू का परिवहन किया जा रहा है।
मधुश्री महतो ने कहा कि इस संबंध में 20 मई को उन्होंने मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से कुकड़ू अंचलाधिकारी, तिरुलडीह एवं नीमडीह थाना प्रभारी को सूचना दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने प्रशासन से गश्ती दल को सक्रिय कर विशेष निगरानी रखने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन का नेटवर्क और सक्रिय हो सकता है। जिला परिषद उपाध्यक्ष ने कहा कि बहुत जल्द एक शिष्टमंडल उपायुक्त से मुलाकात कर पूरे मामले को विस्तार से रखा जाएगा, ताकि अवैध बालू परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
बता दूं कि, यह गोरख धंधा पुरे राज्य में अपना पैर पसार के बैठे हैं। ऐसे में जिम्मेदार प्रशासन अगर कहें कि उन्हें इस गोरखधंधे के संबंध में मालुम नहीं तो उनके कर्म भूमि पर उंगली उठना स्वाभाविक है। दुसरी और इन गोरखधंधे के खिलाफ कभी पक्ष्य या विपक्ष के राजनीतिक दलों के लोग भी जोरदार आंदोलन या विरोध प्रदर्शन करता नहीं देखा गया । गांधी जी के तीन बंदर बने बैठे हैं।
