Advertisements
Spread the love

उद्घाटन के डेढ़ महीने बाद ही जन सहभागी विकास केंद्र द्वारा संचालित वात्सल्य बालिका गृह से दो नाबालिग फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

 

गम्हरिया बालिका गृह से दो लड़कियां लापता, रेलवे स्टेशन-बस स्टैंड में पुलिस की तलाश जारी

गम्हरिया: सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित जन सहभागी विकास केंद्र द्वारा संचालित वात्सल्य बालिका गृह से मंगलवार को दो नाबालिग लड़कियों के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बालिका गृह प्रबंधन एवं प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही बालिका गृह प्रबंधन ने संबंधित अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
इस संबंध में चाइल्ड वेलफेयर से जुड़े अधिकारी संतोष कुमार ठाकुर ने गम्हरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार फरार हुई लड़कियों में एक जमशेदपुर के पटमदा थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि दूसरी सरायकेला जिले के कुचाई थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं संभावित ठिकानों पर तलाश अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों नाबालिगों की जल्द बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी और खोजबीन की जा रही है।
गौरतलब है कि बीते 15 अप्रैल को ही सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह द्वारा इस वात्सल्य बालिका गृह का उद्घाटन किया गया था। उद्घाटन के कुछ ही समय बाद इस तरह की घटना सामने आने से संस्था की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बालिका गृह जैसे संवेदनशील संस्थानों में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था, महिला कर्मियों की निगरानी, सीसीटीवी कैमरे, नियमित उपस्थिति जांच और बच्चों की काउंसिलिंग अनिवार्य मानी जाती है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या संस्थान द्वारा निर्धारित मानकों का सही तरीके से पालन किया जा रहा था या नहीं।

You missed

मुसाबनी : मुसाबनी कंपनी तालाब के सौंदर्यीकरण व विकास को लेकर पर्यटन मंत्री को सौंपा ज्ञापन