
“सस्ती दवा हर घर तक पहुंचाना प्रधानमंत्री का सपना” आदित्यपुर में जन औषधि केंद्र का उद्घाटन कर बोले अर्जुन मुंडा

रिर्पोटर: जगबंधु महतो
आम लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए गुरुवार को आदित्यपुर के वार्ड संख्या 17 स्थित एमपी नगीना में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि देश के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों तक कम कीमत में बेहतर इलाज पहुंचाना प्रधानमंत्री का एक “ड्रीम प्रोजेक्ट” है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में तेजी से खुल रहे जन औषधि केंद्र आम जनता के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को ब्रांडेड दवाओं की तुलना में बेहद कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां मिल रही हैं, जिससे चिकित्सा खर्च में भारी कमी आ रही है। अर्जुन मुंडा ने कहा कि “पैन इंडिया” स्तर पर जन औषधि केंद्रों का विस्तार स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने डॉक्टरों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों से विशेष अपील की कि वे मरीजों को अधिक से अधिक जेनेरिक दवाइयों के प्रति जागरूक करें और उन्हें जन औषधि केंद्रों से दवा लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि ये दवाइयां पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी हैं, क्योंकि भारत सरकार स्वयं इनके गुणवत्ता मानकों की निगरानी करती है।
इस दौरान अर्जुन मुंडा और डॉ. मीरा मुंडा का आयोजकों द्वारा बुके भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, वार्ड पार्षद नीतू शर्मा, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह बॉबी, भाजपा जिला अध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने केंद्र की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केंद्र स्थानीय लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधा की नई उम्मीद बनेगा।
Related posts:

