
चाकुलिया: भाजपाइयों ने बढ़ते अपराध, अवैध लॉटरी और साइबर ठगी पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाना में सौंपा ज्ञापन
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया थाना में भाजपाइयों ने एक ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में बढ़ते अपराध, महिलाओं एवं स्कूली छात्राओं की सुरक्षा, अवैध लॉटरी, साइबर ठगी और भारी वाहनों के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर कार्रवाई की मांग की गई है. इस दौरान ज्ञापन में कहा गया है कि चाकुलिया क्षेत्र में लगातार बढ़ते अपराध और विभिन्न जनसमस्याओं के कारण आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है. इसे देखते हुए नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने, अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की गई.


इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और विद्यालयों के आसपास महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था करने, अवैध लॉटरी के कारोबार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा विद्यालयों के आसपास असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने की भी मांग उठाई गई.

ज्ञापन में साइबर ठगी एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने और आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई करने की अपील की गई है. साथ ही भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निर्धारित समय का पालन सुनिश्चित कराने तथा यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने की भी मांग की गई.

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से आग्रह किया गया है कि इन जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हो और आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में अपना जीवन व्यतीत कर सकें.
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष महादेव महतो, चन्दना मुर्मू, दिनेश सिंह, चंद्रदेव महतो, सुधीर महतो, तुषार बेरा, संदीप चंद, अपु दास, चंद्रमोहन मांडी, परिमल दास, जयदीप मुर्मू, ख़ितिश महतो, दिलीप महतो, मिंटू नंदी, नानकु गोप आदि उपस्थित थे.
Related posts:

