Advertisements
Spread the love

सदर अस्पताल में मातृत्व ने तोड़ा दम! प्रसूता की मौत के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा, लापरवाही के आरोपों से गरमाया अस्पताल

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

प्रसूता की मौत पर सदर अस्पताल में बवाल, परिजनों ने उठाए इलाज पर सवाल; डॉक्टर बोलीं– गंभीर एनीमिया से थी मरीज

सरायकेला: सरायकेला सदर अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद रविवार सुबह अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतका के परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

जानकारी के अनुसार कांदागोड़ा गांव निवासी गुरा पूर्ती अपनी पत्नी शुरू पूर्ती को शनिवार रात करीब 8 बजे प्रसव पीड़ा होने पर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि भर्ती के समय महिला की हालत सामान्य थी, लेकिन रातभर समुचित इलाज और निगरानी नहीं मिलने के कारण उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई।

मृतका के पति गुरा पूर्ती ने आरोप लगाया कि अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने समय पर आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध नहीं कराई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने डॉक्टरों से जानकारी लेने का प्रयास किया तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया।

दूसरी ओर, ड्यूटी पर मौजूद डॉ. रीमा ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि महिला अस्पताल पहुंचने के समय ही गंभीर एनीमिया से पीड़ित थी और उसके शरीर में रक्त की मात्रा काफी कम थी। उनके अनुसार मरीज की स्थिति पहले से ही अत्यंत गंभीर थी और चिकित्सकीय टीम द्वारा आवश्यक उपचार किया जा रहा था।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। फिलहाल मामले को लेकर परिजनों और अस्पताल प्रशासन के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। यदि चिकित्सकीय लापरवाही की शिकायत दर्ज होती है, तो जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

You missed