
व्यक्ति के चले जाने के बाद भी जिसे समाज याद करता है, वही उसकी असली कमाई है : संजय सेठ


Arjun Kumar….✍️
नामकुम(रांची) । खिजरी के पूर्व विधायक स्व. उमराव साधो कुजूर की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार, 12 जुलाई 2026 को नामकुम के सदाबहार चौक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उमराव साधो कुजूर मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ थे। श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार खिजरी के पाहन लोंदई पाहन द्वारा पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद सदाबहार चौक स्थित स्व. उमराव साधो कुजूर की प्रतिमा पर उनकी धर्मपत्नी तुलसी कुजूर ने माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सभा को संबोधित करते हुए संजय सेठ ने कहा कि युवावस्था में उन्हें स्व. उमराव साधो कुजूर को देखने और उनके कार्यों को समझने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के निधन के 45 वर्ष बाद भी यदि समाज उसे याद करता है, तो यही उसकी सबसे बड़ी कमाई है। यह लोगों के प्रेम और सम्मान का प्रतीक है तथा उस व्यक्ति के व्यक्तित्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज समाज में बहुत कम लोग ऐसे हैं, जो निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करते हैं। ऐसे चुनिंदा लोगों में स्व. उमराव साधो कुजूर का नाम भी शामिल है। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान और लोगों के प्रति सेवा का भाव उन्हें आज भी लोगों के बीच जीवित रखे हुए है। वे हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे। समाज के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य प्रेरणादायी हैं और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मौके पर आरती कुजूर, विनय महतो धीरज, रामकुमार पाहन, कमल दास गोस्वामी, लाल काली शरण नाथ शाहदेव, राज किशोर महतो, प्रमोद सिंह, अशोक मुंडा, समीर राय, अंजलि लकड़ा, अनिरुद्ध पांडेय, अशोक महतो, नीली कुजूर, गोपाल चौधरी, संजय शर्मा और संतोष झा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता उमराव साधो कुजूर मेमोरियल ट्रस्ट की सचिव श्वेता केरकेट्टा ने की। संचालन खिजरी के उपमुखिया सुजीत सिन्हा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. एंजेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में सुनील महतो, तुलसी गोप, रमाशंकर सिंह, आर.के. सिंह, पुष्पा चौधरी, बेला एक्का, पार्वती तिर्की, सूरज देव कुजूर, विमल सिन्हा, बबलू ठाकुर, मेरी टोप्पो, सुचिता कुजूर, मेथी खलखो, रोशनी देवी, निशु देवी, सुनीता मुंडा, विनीता मुंडा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

