शिवनारायणपुर हत्याकांड का खुलासा: मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे, दूसरे की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
मंगनी समारोह में शुरू हुआ विवाद बना हत्या की वजह, पत्थर से वार कर युवक की जान लेने वाला आरोपी गिरफ्तार
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के चर्चित शिवनारायणपुर हत्याकांड में आदित्यपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी राहुल हेम्ब्रम उर्फ दीपक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि घटना के दिन शिवनारायणपुर गांव में एक मंगनी समारोह आयोजित था। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे गौतम और उसके साथी कंचन की राहुल हेम्ब्रम से कहासुनी हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर पहले से भी विवाद चला आ रहा था, जिसके कारण मामूली बहस ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर गौतम और कंचन वहां से निकलने लगे। इसी बीच राहुल हेम्ब्रम ने गौतम का पीछा कर उसे पकड़ लिया और कथित रूप से पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि कंचन मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है। मामले में फरार आरोपी गौड़ गोप की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर सुनील सिंह, हीरालाल यादव एवं अमीश कुमार सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का अनुसंधान पूरा किया जाएगा।

