72 घंटे में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन सफल, लापता तीन नाबालिग बच्चियां पश्चिमी सिंहभूम से सकुशल बरामद

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
रूंगटा पार्क घूमने निकली थीं चार सहेलियां, तीन के लापता होने का रहस्य सुलझा; एसआईटी की त्वरित कार्रवाई लाई मुस्कान
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने बास्कोनगर से लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को सकुशल बरामद कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले से तीनों बच्चियों को सुरक्षित खोज निकाला। बच्चियों के सकुशल मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को बास्कोनगर की चार नाबालिग लड़कियां घर से रूंगटा पार्क घूमने जाने की बात कहकर निकली थीं। बाद में इनमें से एक बच्ची सुरक्षित घर लौट आई, जबकि तीन अन्य का कोई पता नहीं चल सका। बच्चियों के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण शुरुआती खोजबीन चुनौतीपूर्ण रही। परिजनों की शिकायत मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापक तलाश अभियान शुरू किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान, स्थानीय सूचनाओं और लगातार की गई छापेमारी के आधार पर एसआईटी ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर तीनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया।
इस अभियान का नेतृत्व आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने किया। टीम में अवर निरीक्षक विश्वजीत तिवारी एवं सहायक अवर निरीक्षक शिव प्रकाश की सक्रिय भूमिका रही। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्चियों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके लापता होने की परिस्थितियों और कारणों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल कर रही है।
Related posts:

