Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: ग्राम सभा के अधिकारों को लेकर ग्राम प्रधान संघ ने बीडीओ को सौंपा आठ सूत्री मांग पत्र

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र में ग्राम सभा के अधिकारों को सुनिश्चित करने और अधिकारियों की कथित उदासीनता के खिलाफ गुरुवार को पारंपरिक ग्राम प्रधान संघ की प्रखंड कमेटी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा को आठ सूत्री मांग पत्र सौंपा. संघ के प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम सभा को सशक्त बनाने तथा ग्राम प्रधानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की मांग की. बीडीओ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ग्राम सभा को सशक्त करने के लिए नियमानुसार हर संभव प्रयास किया जाएगा.

पारंपरिक ग्राम प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष अरुण बारिक ने कहा कि पंचायती राज विभाग की ओर से पिछले मई माह में ग्राम सभा के नाम से बैंक या डाकघर में खाता खोलने सहित अन्य कार्यों के क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर कथित रूप से इस पर रोक लगा दी गई है. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि विभागीय आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगाई गई है, तो इस संबंध में उच्चाधिकारियों की ओर से कोई लिखित आदेश क्यों नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से सरकारी योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन के शिलापट्ट पर ग्राम प्रधान का नाम अंकित करने के संबंध में निर्देश दिया गया है. इसके बावजूद इस दिशा में अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है. संघ ने इसे ग्राम प्रधानों की उपेक्षा बताते हुए संबंधित पंचायतों और विभागों को निर्देश का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की.

अरुण बारिक ने बताया कि कई गांवों में ग्राम प्रधान के निधन के बाद पद रिक्त पड़े हैं. ऐसे मामलों में नियमानुसार उत्तराधिकारी को मान्यता देने की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है. वहीं, कुछ गांवों में कथित रूप से फर्जी ग्राम प्रधान बनकर ग्राम सभा के सदस्यों को दिग्भ्रमित करने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं. इस समस्या के समाधान के लिए प्रखंड क्षेत्र के मान्यता प्राप्त ग्राम प्रधानों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रकाशित करने की मांग की गई, ताकि वास्तविक ग्राम प्रधानों की पहचान स्पष्ट हो सके.

संघ ने अपने आठ सूत्री मांग पत्र के माध्यम से ग्राम सभा के बैंक खाते खोलने की प्रक्रिया शुरू करने, सरकारी योजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन के शिलापट्ट पर ग्राम प्रधान का नाम अंकित करने, रिक्त पदों पर नियमानुसार उत्तराधिकारी को मान्यता देने तथा मान्यता प्राप्त ग्राम प्रधानों की सूची प्रकाशित करने सहित विभिन्न मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया.

इस मौके पर राजेश्वर महतो, कोकिल महतो, लक्ष्मण सोरेन, गोपबंधु मिश्रा, दीकु राम हांसदा, गिरीश महतो, भावेश रंजन गिरी, चंद्रशेखर गिरी, परितोष महतो, जगदीश मंगराज, कन्हाई मुंडा, भवानी पाल, नव कुमार नायक, रंजीत नायक, खगेन नायक सहित अन्य ग्राम प्रधान उपस्थित थे.

You missed