
चाकुलिया: आनंद मार्ग स्कूल में वार्षिक समारोह आयोजित, बच्चों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित आनंद मार्ग स्कूल में गुरुवार की शाम वार्षिक सांस्कृतिक समारोह- का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने आनंदमूर्ति की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया. समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. छात्र-छात्राओं ने संस्कृत श्लोक, संगीत आधारित नृत्य, झूमर, आदिवासी नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में प्रस्तुत नृत्य-नाटिका ‘मुक्ति की संधान’ आकर्षण का केंद्र रही.

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि आनंद मार्ग स्कूल ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर रहा है. विद्यालय के बच्चे अनुशासित हैं और शिक्षक भी पूरी लगन एवं मेहनत से उन्हें शिक्षित कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.

इस मौके पर सेवानिवृत्त शिक्षक मनिंद्रनाथ पालित, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार महतो, सुमन साव, अजीत महतो, सुसैन मंडल, नवीन महतो सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों महिला एवं पुरुष अभिभावक उपस्थित थे.
