
चाकुलिया: पुराना बाजार दुर्गा पूजा कमेटी ने बांटा 25 क्विंटल महाप्रसाद, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से विजयादशमी के अवसर पर भव्य महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक के हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया. आयोजन में सेवा, समर्पण और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला.
महाप्रसाद वितरण के लिए पूजा पंडाल के भीतर से लेकर आसपास की सड़कों के दोनों किनारों तक श्रद्धालुओं को कतारबद्ध बैठाया गया. परंपरा के अनुसार, दुर्गा मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के बाद महाप्रसाद वितरण की शुरुआत की गई. इसका शुभारंभ स्थानीय अंचल अधिकारी नवीन पूर्ति, थाना प्रभारी राजेश कुमार, पद्मश्री जमुना टुडू, नगर अध्यक्ष सोमवारी सोरेन और वरिष्ठ समाजसेवियों ने किया.

इसके बाद कमेटी के सदस्य और उत्साही कार्यकर्ता प्रसाद से भरे बर्तन लेकर वितरण में जुट गए. देखते ही देखते बिरसा चौक के आसपास सड़क पर करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई. सड़क के दोनों ओर बैठकर हजारों लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया, जबकि सैकड़ों कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में लगे रहे. इस दौरान बीच-बीच में मां दुर्गा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठता था.
सेवा भाव से जुटे बच्चे, युवा और बुजुर्ग
महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम में बच्चे, युवा, महिलाएं और पुरुष सभी बढ़-चढ़कर शामिल हुए. कार्यकर्ताओं ने पूरी तत्परता के साथ श्रद्धालुओं तक प्रसाद पहुंचाया. वहीं, आसपास के घरों से भी लोग बाहर निकलकर सेवा में सहयोग करने लगे. स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए पानी और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई. इस आयोजन में आम और खास सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया. इससे सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश भी देखने को मिला.

25 क्विंटल महाप्रसाद तैयार किया गया
पूजा कमेटी के अध्यक्ष शंभूनाथ मल्लिक ने बताया कि विजयादशमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी, सब्जी और चटनी मिलाकर कुल 25 क्विंटल महाप्रसाद तैयार किया गया था. इसे हजारों भक्तों के बीच वितरित किया गया.
