Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: धूमधाम से मनाई गई विजयादशमी, सिंदूर खेला के बाद मां दुर्गा को दी गई भावभीनी विदाई

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
विजयादशमी के अवसर पर बुधवार को चाकुलिया शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों और मंदिरों में मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई. पूजा संपन्न होने के बाद महिला श्रद्धालुओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई. इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी.

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में सिंदूर खेला का आकर्षक दृश्य देखने को मिला. सैकड़ों की संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं और पूरे श्रद्धा एवं उत्साह के साथ इस पारंपरिक रस्म में शामिल हुईं. महिलाओं ने सबसे पहले मां दुर्गा के चरणों में सिंदूर अर्पित कर सुख-समृद्धि, खुशहाली और सुहाग की लंबी उम्र की कामना की. इसके बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मां दुर्गा से अगले वर्ष पुनः आने की प्रार्थना की.

सिंदूर खेला के दौरान पूजा पंडालों में उत्सव और भावुकता का माहौल बना रहा. मां दुर्गा की विदाई के समय महिलाओं की आंखें नम हो गईं. श्रद्धालुओं ने मां से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की.

वहीं, बुधवार की सुबह विजयादशमी एवं अपराजिता पूजा संपन्न होने के बाद कलश विसर्जन किया गया. इसके बाद शाम को विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. प्रतिमाओं को निर्धारित समय के अनुसार स्थानीय जलाशयों, नदियों और प्राकृतिक नालों में विसर्जित किया गया.

सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए थे. विभिन्न विसर्जन स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई, ताकि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.

You missed