
रामगढ़ के रसकाडीह में जलमीनार शुरू, अब पानी के लिए NH-33 पार करने की मजबूरी से मिला राहत
सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र चाण्ड़िल प्रखंड अंतर्गत आसनबनी पंचायत के रामगढ़ गांव स्थित रसकाडीह टोला के ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिली है। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए विधायक सविता महतो ने अपने निजी खर्च से करीब 35 हजार रुपये की लागत से जलमीनार लगवाई। शुक्रवार को विधायक ने फीता काटकर जलमीनार का उद्घाटन किया।
जलमीनार चालू होने से अब ग्रामीणों को पीने का पानी लाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पार नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में कई चापनल होने के बावजूद पानी नहीं निकलने से लोगों को परेशानी हो रही थी। खासकर महिलाओं को पानी लाने के लिए सड़क पार करनी पड़ती थी। जलमीनार शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और महिलाओं में खुशी का माहौल है।
विधायक सविता महतो ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें ग्रामीणों की पेयजल समस्या की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर जल्द समाधान का भरोसा दिया था। इसी क्रम में अपने निजी खर्च से जलमीनार की व्यवस्था कराई गई, ताकि ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े।
वहीं, पेयजल समस्या दूर होने पर गांव की महिलाओं और ग्रामीणों ने विधायक सविता महतो के प्रति आभार जताया। मौके पर झामुमो नेता ओम प्रकाश लायक, वार्ड मेंबर, दिलीप महतो, सुनील पहाड़िया, मंटू गोराई समेत काफी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित थे।
