
अज्ञात वाहन की टक्कर से वार्ड सदस्य मनोरंजन महतो की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर मांगा न्याय
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
घर लौट रहे 35 वर्षीय वार्ड सदस्य की सड़क हादसे में मौत, सीसीटीवी जांच और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जब्ती की मांग
दारूदा के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक सवार मनोरंजन महतो को मारी टक्कर, परिवार में पसरा मातम
तिरुलडीह :चांडिल अनुमंडल के तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत दारूदा गांव के समीप आदरडीह-तिरुलडीह सड़क पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में वार्ड सदस्य मनोरंजन महतो उर्फ मंटू (35) की मौत हो गई। हादसे में एक जनप्रतिनिधि की असमय मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया और दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुकड़ू प्रखंड के छोटा लापांग गांव निवासी मनोरंजन महतो प्रखंड कार्यालय से अपनी बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दारूदा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्हें गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मृतक की पहचान स्वर्गीय गुरुचरण महतो के पुत्र मनोरंजन महतो उर्फ मंटू के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह दो भाइयों में छोटे थे और अविवाहित थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक का माहौल छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुटने लगे।
सड़क जाम कर निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की सूचना मिलने पर झारखंड आंदोलनकारी सह जिला परिषद उपाध्यक्ष के प्रतिनिधि सुनील कुमार महतो ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराने, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने तथा हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर उसे जब्त करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन और उसके चालक की पहचान कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि मृतक को न्याय मिल सके।
फिलहाल हादसे में शामिल अज्ञात वाहन के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
