
गम्हरिया दुष्कर्म मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट से सुनवाई की मांग, विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य ने उठाई आवाज
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
महिला सुरक्षा पर समझौता नहीं, पीड़िता को शीघ्र न्याय और दोषियों को कठोर सजा मिले: सनंद कुमार आचार्य
सरायकेला : गम्हरिया थाना क्षेत्र में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर नाराजगी बढ़ने लगी है। पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है।
सनंद कुमार आचार्य ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई होने से मामले का शीघ्र निपटारा करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने यह भी मांग की कि दोष सिद्ध होने पर अपराधियों को कानून के तहत कठोर सजा दिलाई जाए।
आचार्य ने पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उन्हें आवश्यक सहायता एवं सरकारी सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील करते हुए कहा कि पीड़िता को समय पर न्याय मिलना चाहिए और कानून के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत होना चाहिए।
