
गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म का आरोप, थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची महिला से दरिंदगी का आरोप, आरोपी सिपाही गिरफ्तार; एसआईटी कर रही जांच
गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में महिला के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला ने ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही पर थाना परिसर के भीतर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, आरोपित सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला गुरुवार को पारिवारिक विवाद के सिलसिले में शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। पीड़िता के आरोप के मुताबिक, इसी दौरान आरक्षी नीरज लकड़ा ने थाने के एक कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसपी के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। शुक्रवार देर रात एसडीपीओ पुलिस टीम के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे और कथित घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से संबंधित कमरे को सील कर दिया गया।
प्रारंभिक कार्रवाई के तहत थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब-इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को कथित लापरवाही एवं कर्तव्य में चूक के आरोप में निलंबित किया गया है।
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के अनुसार, पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
