
पांच दिवसीय विशेष मध्यस्थता अभियान में कुल 115 मामलों का सफल निष्पादन

Arjun Kumar Pramanik…..✍️
राँची । रांची स्थित व्यवहार न्यायालय परिसर के मध्यस्थता केंद्र में आयोजित पांच दिवसीय विशेष मध्यस्थता अभियान का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह अभियान 09 मार्च 2026 से प्रारंभ हुआ था, जिसके दौरान अधिवक्ता मध्यस्थों, विशेषज्ञ मध्यस्थों तथा दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के समन्वित प्रयास से कुल 115 मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान किया गया। अभियान के प्रथम दिन 15, द्वितीय दिन 15, तृतीय दिन 20, चतुर्थ दिन 11 तथा अंतिम दिन 54 मामलों का निस्तारण किया गया। अंतिम दिन विभिन्न न्यायालयों से स्थानांतरित होकर आए सभी 54 मामलों को मध्यस्थों और अधिवक्ताओं के सहयोग से आपसी सहमति के आधार पर सफलतापूर्वक सुलझा लिया गया, जिससे सभी पक्षकार संतुष्ट होकर अपने वादों के निष्पादन के लिए तैयार हुए। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने कहा कि वादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण में मध्यस्थों और अधिवक्ताओं की भूमिका सराहनीय रही है तथा ऐसे विशेष अभियानों से न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या कम होने के साथ आम लोगों को सुलभ एवं त्वरित न्याय प्राप्त करने में सहायता मिलती है।

