
आदित्यपुर : तीन स्क्रैप टालों से कंपनियों का मटेरियल और कटे वाहनों के पार्ट्स बरामद
रिपोर्ट – जगबंधु महतो

# गैस कटर से चल रहा था वाहन कटिंग का खेल, बिना लाइसेंस संचालित स्क्रैप टालों पर प्रशासन सख्त
आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश के नेतृत्व में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ बड़ी छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन अलग-अलग स्क्रैप टालों में दबिश देकर भारी मात्रा में संदिग्ध स्क्रैप, कंपनियों का मटेरियल, कटे हुए वाहनों के पार्ट्स, गैस सिलेंडर और नंबर प्लेट बरामद किए गए।
पहली कार्रवाई आरआईटी मोड़ के समीप संचालित स्क्रैप टाल में हुई, जहां चार पहिया वाहनों की कटिंग का अवैध धंधा चल रहा था। मौके से गैस कटर, वाहन के डाले, नंबर प्लेट और अन्य सामग्री बरामद की गई। जांच के दौरान कई संदिग्ध सामान मिलने पर प्रशासन ने कड़ी नाराजगी जताई।
दूसरी छापेमारी शेरे पंजाब चौक के पास स्थित स्क्रैप टाल में की गई। यहां भारी मात्रा में स्क्रैप, वाहनों के टायर, गैस सिलेंडर और अन्य सामान पाए गए। वहीं तीसरी कार्रवाई आदित्यपुर थाना के ठीक पीछे संचालित स्क्रैप टाल में हुई, जहां अवैध रूप से जमा स्क्रैप देखकर SDO भड़क उठे।
SDO अभिनव प्रकाश ने तीनों स्क्रैप टाल संचालकों से लाइसेंस, खरीद-बिक्री और स्क्रैप से संबंधित सभी कागजात तलब किए हैं। साथ ही संबंधित भूमि मालिकों को भी नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि बरामद स्क्रैप चोरी का है या कंपनियों से अवैध रूप से खरीदा गया है। बिना वैध दस्तावेज संचालित स्क्रैप कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।
