
पीएलवी शारदा देवी एवं डॉ. मालती का रहा सराहनीय योगदान

Arjun Kumar Pramanik………✍️
रांची : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के दिशा-निर्देश पर, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के मार्गदर्शन एवं सचिव की देखरेख में रिनपास में कार्यरत डालसा की पीएलवी शारदा देवी ने रिनपास की साइकिएट्रिक सोशल वर्कर डॉ. मालती के सहयोग से एक स्वस्थ महिला मानसिक रोगी के घर का पता लगाया। इसके पश्चात संबंधित थाना से संपर्क कर महिला के परिजनों को इसकी सूचना दी गई तथा परिजनों की महिला से बातचीत कराई गई।
इसके बाद महिला के भाई को सरकारी प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु महिला का आधार कार्ड, राशन कार्ड, संबंधित थाने में दर्ज प्राथमिकी की प्रति एवं परिजनों के साथ रोगी की फोटो लाने को कहा गया। महिला का भाई सभी आवश्यक कागजातों के साथ रिनपास पहुंचा और पीएलवी शारदा देवी से मुलाकात की। पीएलवी शारदा देवी द्वारा इसकी जानकारी डॉ. मालती को दी गई।
आवश्यक जांच प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात महिला एवं उसके भाई की काउंसलिंग की गई। तत्पश्चात महिला को दो माह की दवा उपलब्ध कराई गई तथा दो माह बाद परिजनों के साथ पुनः अस्पताल आने का निर्देश दिया गया। इस सहयोगात्मक कार्य के लिए परिजनों ने पीएलवी शारदा देवी एवं डॉ. मालती के प्रति आभार व्यक्त किया।

