Advertisements
Spread the love

नामकुम–अनगड़ा पथ निर्माण में गंभीर अनियमितताओं का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग

Advertisements

Arjun Kumar Pramanik…….✍️

अनगड़ा(राँची) । नामकुम–अनगड़ा पथ के मजबूतीकरण, चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिला परिषद सदस्य राजेंद्र प्रसाद शाही मुंडा ने पथ निर्माण विभाग, झारखंड सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर गंभीर तथ्यों से अवगत कराया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि उक्त पथ निर्माण का आदेश फरवरी–मार्च 2023 में निर्गत हुआ था। इस पथ की निविदा राशि ₹157.26 करोड़ थी, जबकि सफल निविदाकार एम/एस एसआरई एंड एसोसिएट्स जेवी एवं एम/एस श्रीराम इंटरप्राइजेज को यह कार्य ₹169.84 करोड़ में आवंटित किया गया, जो कि निविदा प्राक्कलन से लगभग 8 प्रतिशत अधिक है। इसके बावजूद न तो कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है और न ही निर्माण कार्य समय पर पूर्ण किया जा रहा है। राजेंद्र प्रसाद शाही मुंडा ने यह भी सवाल उठाया कि इतनी बड़ी परियोजना की निविदा में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की कुल 8 कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें से मात्र 3 कंपनियां ही सफल हुईं। जबकि राज्य में अधिकांश निविदाएं बीओक्यू दर से कम पर स्वीकृत होती हैं, वहीं इस पथ का कार्य अधिक दर पर आवंटित किया जाना संदेह के घेरे में है। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री, मैटेल, बिटुमिन की मात्रा, नाली निर्माण, जीएसबी की परत, पानी की क्योरिंग सहित अन्य तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। सबग्रेड, सबबेस, आधार परत एवं सतह परत का निर्माण भी विभागीय मानकों के अनुरूप नहीं होने की बात कही गई है। जनप्रतिनिधि होने के नाते अपनी जिम्मेदारी बताते हुए उन्होंने कहा है कि यदि समय रहते इन अनियमितताओं की जांच नहीं की गई, तो इससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने मांग की है कि अभियंताओं की एक स्वतंत्र समिति गठित कर पूरे कार्य की भौतिक एवं तकनीकी जांच कराई जाए तथा जांच की तिथि एवं समय की सूचना उन्हें भी उपलब्ध कराई जाए। इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, झारखंड सरकार एवं कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल रांची (ग्रामीण) को भी भेजी गई है।

You missed

जमशेदपुर : लखाईडीह के ग्राम प्रधान कान्हु राम टुडू को बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी ने किया सम्मानित