
नशा मुक्त अभियान के तहत नामकुम में जागरूकता कार्यक्रम, अधिकारियों ने दिलाई शपथ

Arjun Kumar Pramanik……✍️
नामकुम(राँची) । नालसा सुप्रीम कोर्ट एवं झालसा हाई कोर्ट के दिशा-निर्देश पर 5 जनवरी 2026 से 12 जनवरी 2026 तक चल रहे नशा मुक्त अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) सिविल कोर्ट के तत्वावधान में जिले भर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान सभी स्कूलों, प्रखंडों, थानों, पंचायतों एवं बाजारों में संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में नामकुम प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय उच्च विद्यालय में नशा मुक्त पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जबकि डूंगरी पंचायत भवन में भी नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। साथ ही शुक्रवार को नामकुम प्रखंड कार्यालय परिसर में भी नशा मुक्त अभियान का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में नामकुम बीडीओ विजय कुमार एवं सीओ कमल कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि नशा करने से न केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य खराब होता है, बल्कि परिवार की खुशहाली और आर्थिक स्थिति भी प्रभावित होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे में खर्च होने वाले पैसे को परिवार की भलाई और भविष्य की सुरक्षा में लगाएं। इस अवसर पर पीएलवी लता कुमारी ने नशे के दुष्परिणामों पर वक्तव्य देते हुए कहा “नशा एक जानलेवा बीमारी है। इससे केवल व्यक्ति ही नहीं, पूरा परिवार पीड़ित होता है। नशे के कारण घर में न खुशी रहती है और न ही शांति। समय रहते यदि नशे से बाहर निकल जाएं तो परिवार, स्वास्थ्य और भविष्य—तीनों को बचाया जा सकता है।”
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि डालसा सिविल कोर्ट के माध्यम से नशा पीड़ितों को निःशुल्क नशा मुक्ति केंद्रों में इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, साथ ही कानूनी समस्याओं में भी निःशुल्क न्याय दिलाने की व्यवस्था है। कार्यक्रम में प्रखंड के एक वरिष्ठ पंचायत सचिव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी प्रकार का नशा नहीं किया और नशा मुक्त जीवन के कारण उनका परिवार सुखी और खुशहाल है। उन्होंने सभी से नशा न करने की प्रेरणा लेने की अपील की । इस मौके पर एलयू मैडम रेणु कुमारी सहित सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, पीएलवी टीम एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ किया गया।

