Advertisements
Spread the love

बहरागोड़ा: कोल्हान विश्वविद्यालय के पूर्व उप सचिव सह भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला कोषाध्यक्ष कुणाल शीट का निधन, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
बहरागोड़ा के स्थानीय व्यवसायी कालीपद शीट के पुत्र एवं कोल्हान विश्वविद्यालय के पूर्व उप सचिव कुणाल शीट (उम्र 29 वर्ष) का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वे विगत कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल में इलाजरत थे। मंगलवार को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही बहरागोड़ा व आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कुणाल शीट वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला कोषाध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनके शांत स्वभाव, हंसमुख, मिलनसारिता और मृदु भाषी व्यक्तित्व के कारण वे सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय थे। मंगलवार दोपहर उनका पार्थिव शरीर बहरागोड़ा स्थित पैतृक आवास लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, व्यापारी वर्ग, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उनके निधन पर कई राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है. सभी ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और नम आंखों से विदाई दी। उनको पंचतत्व में विलीन करने के लिए उड़ीसा के पुरी स्थित स्वर्ग द्वार में ले जाया गया। गौरतलब है कि कुछ वर्ष पूर्व उनकी माता का भी निधन हो चुका है। कुणाल के निधन से जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं समाज ने एक कर्मठ, युवा और सुलझे हुए नेता को खो दिया है।

Advertisements