
जनसमर्थन के दम पर चुनावी रण में उतरे भुगलू सोरेन, विकास को बनाया मुख्य मुद्दा

गाम्हरिया संवाददाता- जगबंधु महतो
आदित्यपुर आदित्यपुर नगर निगम मेयर पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के युवा जिला अध्यक्ष एवं मेयर प्रत्याशी भुगलू सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन ने निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में उतरने की औपचारिक घोषणा की। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक उपस्थित रहे, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
नामांकन के पश्चात मीडिया से बातचीत में भुगलू सोरेन ने कहा कि उन्हें आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है और जीत तय है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में आज भी कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं और विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पाया है। विशेष रूप से पेयजल की समस्या गंभीर बनी हुई है, जिससे आम नागरिकों को रोजमर्रा की जिंदगी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भुगलू सोरेन ने कहा कि यदि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया तो नगर निगम क्षेत्र के समग्र और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़कों की स्थिति में सुधार, नियमित पेयजल आपूर्ति, लाइब्रेरी ,स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
उन्होंने कहा, “मैं जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि जनता का सेवक बनकर काम करूंगा। नगर निगम को भ्रष्टाचारमुक्त, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।” उन्होंने विश्वास जताया कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी और आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों का नया अध्याय शुरू होगा।
Related posts:

