Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: केंदू पत्ता तोड़ने गई 55 वर्गीय महिला को हाथी ने किया हमला, मौके पर मौत

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कालापाथर पंचायत क्षेत्र के डूमुरडीहा जंगल में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ. इस दौरान जंगल में केंदू पत्ता तोड़ने गयी डुमुरडीडा की महिला बहुला नायक (55) पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया. इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से कुछ समय पहले उदाल गांव में शांति देवी (55) भी हाथी के हमले का शिकार हो गईं. जिन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम भेजा गया है. ग्रामीणों के अनुसार यह हाथी पश्चिम बंगाल की सीमा से अकेला भटकते हुए झारखंड के जंगलों में घुस आया था. सबसे पहले यह हाथी उदाल जंगल में पहुंचा और वहीं केंदू पत्ता तोड़ रही शांति देवी पर हमला कर दिया. हमले में वह बुरी तरह घायल हो गई. इसके बाद हाथी डूमुरडीहा जंगल की ओर बढ़ गया, जहां उसने बहुला नायक पर जानलेवा हमला किया. बहुला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. आक्रोशित ग्रामीणों ने विलंब से घटनास्थल पर पहुंचे वन विभाग के कर्मियों को घेर लिया और जमकर नाराजगी जताई. इसकी सूचना पाकर मुखिया शिव चरण हांसदा घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के लगभग दो घंटे बाद तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी. हालांकि घटना की सूचना पाकर कुछ देर बाद ही विधायक समीर मोहंती घटनास्थल पहुंचकर मामले की पूरी जानकारी ली. इस दौरान विधायक समीर मोहंती के हाथों वनपाल कल्याण महतो ने मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा राशि से तत्काल 50 हजार दिया गया. वहीं बाकी की राशि सरकारी प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात देने की बात कही गई.

Advertisements

हाथी के बढ़ते खतरे से ग्रामीणों में दहशत

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में अक्सर हाथी पानी और भोजन की तलाश में जंगलों से बाहर आते हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई पूर्व चेतावनी या सुरक्षा इंतजाम नहीं किया जाता है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी की निगरानी बढ़ाने और जंगल में काम करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. इस समस्या पर विधायक ने वन विभाग से ग्रामीणों को टॉर्च लाइट, पटाखा, मशाल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.