















चाकुलिया: स्वामी विवेकानंद आईटीआई कॉलेज में नशा मुक्ति को लेकर विद्यार्थियों के बीच चलाया गया जागरूकता अभियान
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित स्वामी विवेकानंद आईटीआई कॉलेज में सोमवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मेडिकल विंग की ओर से भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ एवं ‘मिशन स्पंदन’ के तहत विद्यार्थियों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया. इस कार्यक्रम में बीके हेमंत और बीके अनु बहन ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया. उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है. नशे की आदत के कारण युवा अपनी शिक्षा, करियर और जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों से दूर हो जाते हैं. वक्ताओं ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि झगड़ा, आपसी तनाव, मनमुटाव, चोरी, डकैती, हत्या समेत कई सामाजिक अपराधों का एक प्रमुख कारण नशा है. समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ी पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ सकता है.













कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशा छोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया. साथ ही बताया गया कि यदि आसपास कोई व्यक्ति नशा या धूम्रपान जैसी बुरी आदतों में लिप्त है तो उससे संपर्क कर उसे सही मार्ग पर लाने का प्रयास किया जाना चाहिए.


इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य तरुण कुमार मोहंती से भी भेंट कर समाज के उत्थान के लिए सहयोग करने के संबंध में चर्चा की गई तथा उन्हें एक प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

इस मौके पर प्रशिक्षक पियूष पात्र, संजीत राउत, राजन पाल, बसंत महतो, राजू महतो, राम मुर्मू, दीपक नायक, शुक्ला मोहंती, नृपेंद्र महतो आदि उपस्थित थे.






